अरगड्डा चेक पोस्ट के पास दर्दनाक हादसा, बालू लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रौंदा बाइक सवार को

Spread the News

रामगढ़, 31 मार्च: रामगढ़ जिले के गिद्दी क्षेत्र में स्थित अरगड्डा पुराना चेक पोस्ट के समीप सोमवार शाम करीब 4:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बालू से लदा एक बिना नंबर प्लेट वाला ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही बाइक को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गया। इस हादसे में हेसला गांव निवासी युवक उमेश प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई।

ट्रैक्टर सबसे पहले बाइक (JH24H-5532) सवार उमेश प्रजापति को रौंदा, जो पेट्रोल पंप पर काम करते थे। अनियंत्रित ट्रैक्टर फिर सुनील यादव की दुकान में दाखिल हो गया, जहां खड़ी कार (JH01FW-6263) और दूसरी बाइक (JH01AF-8832) को भारी नुकसान पहुंचाया। दुकान का भी काफी क्षतिग्रस्त होना बताया गया।

उमेश प्रजापति हाल ही में शादीशुदा थे। उनकी पत्नी गर्भवती है और परिवार में एक छोटा बच्चा भी है। उनकी असमय मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक जमीन पर गिर पड़ा। गुस्साए स्थानीय लोगों ने उसे कड़ी पिटाई की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने गिद्दी-नईसराय मुख्य सड़क को पत्थर, झाड़ी और जलते टायर रखकर जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा, सरकारी नौकरी और अवैध बालू परिवहन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं होने और उसमें बालू भरा होने से यह स्पष्ट है कि हादसा अवैध बालू परिवहन से जुड़ा है। रामगढ़ क्षेत्र में ऐसे ओवरलोडेड वाहनों की लापरवाही पहले भी कई दुर्घटनाओं का कारण बन चुकी है। स्थानीय लोग लंबे समय से अवैध खनन और बालू माफिया पर रोक लगाने की मांग करते रहे हैं।

रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

परिजनों ने प्रशासन से त्वरित मुआवजे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है। उमेश प्रजापति की मौत से परिवार की आर्थिक स्थिति बुरी तरह प्रभावित हुई है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा, वाहन चेकिंग और अवैध खनन पर सख्ती की जरूरत को रेखांकित करता है। प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।