रामगढ़ उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति की बैठक हुई, सैकड़ों विद्यार्थियों को पोस्टमेट्रिक छात्रवृत्ति स्वीकृत करने के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 30 मार्च: सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिला छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी ने समिति को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में पोस्टमेट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 24,879 छात्र-छात्राओं ने ई-कल्याण पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। इनमें से 24,046 आवेदनों को आईएनओ द्वारा सत्यापित किया गया है।

पूर्व में 20,181 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति हेतु अनुमोदन दिया जा चुका है। वर्तमान में जिले में अध्ययनरत 394 विद्यार्थियों तथा राज्य के बाहर अध्ययनरत 11 छात्र-छात्राओं के आवेदनों पर विचार किया गया।

बैठक में उपायुक्त मुमताज ने समिति के अन्य सदस्यों के साथ प्राप्त आवेदनों की गहन समीक्षा की और विद्यार्थियों को समयबद्ध तरीके से छात्रवृत्ति का लाभ उपलब्ध कराने हेतु आवेदनों को स्वीकृत करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कल्याण विभाग के अधिकारियों को प्रक्रिया को और तेज करने तथा पात्र विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

यह बैठक जिले के छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।