रामगढ़, 28 मार्च: झारखंड के रामगढ़ जिले में रामनवमी का पर्व इस वर्ष पूरे भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिले भर में लगभग 240 अखाड़ों में से करीब 180 अखाड़ों ने भव्य झांकियां और शोभायात्राएं निकालीं, जिनमें भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकर्षक झांकियां मुख्य आकर्षण रहीं। सड़कों पर जय श्री राम और जय हनुमान के उद्घोष से पूरा वातावरण राममय हो उठा।
श्रमिक स्टेडियम सिरका, रामनवमी मैदान पटेलनगर, भुरकुंडा बाजार, थाना चौक और चितरपुर समेत विभिन्न इलाकों से निकले जुलूसों में अखाड़ों के सदस्यों ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र प्रदर्शन, लाठी-कट्टा, तलवारबाजी और शौर्यपूर्ण करतब दिखाए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की खासी भागीदारी ने उत्सव को और रंगीन बना दिया। श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए, जबकि पूरा मार्ग महावीरी झंडों और तोरण द्वारों से सजा हुआ था।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रही, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं घटी और श्रद्धालु निर्भय होकर भक्ति में लीन रहे।
रामगढ़ की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, लेकिन इस बार 180 अखाड़ों की व्यापक भागीदारी ने रामनवमी को ऐतिहासिक बना दिया। अरगड्डा, भुरकुंडा, गोला और आसपास के क्षेत्रों में भी झांकियों ने लोगों को आकर्षित किया।