रांची/गुवाहाटी, 26 मार्च 2026। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने 20 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंप दी है। इस सूची में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गंडेय विधायक कल्पना सोरेन प्रमुख नाम शामिल हैं। हेमंत सोरेन पूरे अभियान की अगुवाई करेंगे।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय के हस्ताक्षर से जारी इस सूची में हेमंत सोरेन के अलावा डॉ. सरफराज अहमद, विनोद कुमार पांडेय, जोबा माझी, अभिषेक प्रसाद ‘पिंटू’, पंकज मिश्रा, दीपक बिरुवा, चमरा लिण्डा, योगेंद्र प्रसाद, विजय कुमार हांसदा, डॉ. महुआ माजी, हाफिजुल हसन, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, जिगा सुसरन होरो, विकास कुमार मुंडा, एम.टी. राजा, आलोक कुमार सोरेन और डॉ. लुईस मरांडी जैसे नेता शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, ये स्टार प्रचारक असम के विभिन्न क्षेत्रों, खासकर चाय बागान और आदिवासी बहुल इलाकों में पार्टी के पक्ष में जोरदार प्रचार करेंगे। हेमंत सोरेन को ट्राइबल अधिकारों के मजबूत आवाज के रूप में देखा जा रहा है, जबकि कल्पना सोरेन भी आदिवासी समुदाय में लोकप्रिय हैं।
झामुमो ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की बातचीत विफल होने के बाद असम में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया है। पार्टी ने हाल ही में 21 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी की है। इनमें माजबट से प्रीति रेखा बारला, बिस्वनाथ से तेहारू गौर, खुमताई से अमित नाग, चाबुआ से भुबेन मुरारी समेत कई नाम शामिल हैं। पार्टी चाय जनजाति और आदिवासी वोटों को अपने पक्ष में करने पर खास फोकस कर रही है।
चुनाव आयोग के अनुसार, असम विधानसभा की 126 सीटों पर एक चरण में 9 अप्रैल 2026 को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 4 मई 2026 को होगी।
झामुमो का यह कदम असम में अपनी राजनीतिक उपस्थिति मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी नेता मानते हैं कि हेमंत सोरेन की लोकप्रियता ट्राइबल समुदायों में पार्टी को नया आधार देने में मदद करेगी।