हजारीबाग, 24 मार्च 2026: चैत्र रामनवमी महोत्सव के पांचवें दिन हजारीबाग पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। सनराइज ग्रुप द्वारा निकाले गए भव्य शोभा जुलूस में हरियाणा के हिसार से आए कलाकारों ने सड़कों पर शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। अघोरी नृत्य, आग से खेलने जैसे दमदार करतब देख लोग तालियां बजाते रह गए।
जुलूस कालीबाड़ी से शुरू होकर शहर के विभिन्न चौराहों और बाजारों से गुजरा। सैकड़ों की संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे राम नाम की जयकार लगाते हुए नाचते-गाते शामिल हुए। महिलाओं ने तलवार व लाठी लेकर उत्साह से भाग लिया, जबकि युवाओं ने अपनी कला से माहौल को और रोचक बना दिया।
इस जुलूस का सबसे बड़ा आकर्षण विराट महाकाली की भव्य झांकी रही। हिसार की प्रसिद्ध कलाकार टीम ने एक महिला को विराट काली का रूप धारण कराकर अद्भुत झांकी पेश की, जिसे देखकर श्रद्धालु हैरान रह गए। कलाकारों ने बताया, “हजारीबाग वालों का प्यार और अपनापन हमें बार-बार यहां खींच लाता है। यहां की रामनवमी की धूम कहीं और नहीं मिलती।”
सनराइज ग्रुप के इस शानदार आयोजन का हर जगह भव्य स्वागत हुआ। रामनवमी संरक्षण समिति समेत स्थानीय लोगों ने जुलूस को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया। हजारीबाग की रामनवमी अपनी सांस्कृतिक विविधता, भक्ति और भव्यता के लिए पूरे देश में मशहूर है और इस बार हिसार के कलाकारों ने इसे और यादगार बना दिया।