रामगढ़, 19 मार्च: उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक बी के सभाकक्ष में सांसद मद, विधायक मद और सीएसआर मद से संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देशानुसार हुई।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने अलग-अलग वित्तीय वर्षों में इन मदों के तहत स्वीकृत योजनाओं की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी स्थिति में योजनाओं के दोहरीकरण से बचने का सख्त निर्देश दिया।
सीएसआर मद की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने रामगढ़ जिले में सक्रिय सीएसआर एजेंसियों द्वारा चलाई जा रही परियोजनाओं की प्रगति जानी और कार्यों को तेज गति से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विधायक मद के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा में सभी कार्यकारी एजेंसियों को डीसी विपत्र शीघ्र समर्पित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सांसद एवं विधायक मद की योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा प्रखंड विकास पदाधिकारियों से की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी योजनाओं को जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी।
बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक जिले में विकास कार्यों को गति देने और पारदर्शी तरीके से योजनाओं के क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।