रामगढ़, 19 मार्च: उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित ब्लॉक बी के सभाकक्ष में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने विभिन्न कार्यकारी एजेंसियों द्वारा संचालित डीएमएफटी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्वीकृत योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए पूरा किया जाए।
डीएमएफटी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित सहायक अभियंताओं को योजनाओं का नियमित स्थल निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि डीएमएफटी के तहत संचालित योजनाओं का मुख्य उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को मजबूत करना और आमजन के जीवन स्तर में सुधार लाना है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय बनाते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा सुनिश्चित करें।
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी विकास शाखा, जिला स्तरीय अधिकारी, कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह बैठक जिले के खनन प्रभावित इलाकों में विकास कार्यों को तेज गति देने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।