नई दिल्ली, 18 मार्च: सीबीएसई ने वर्ष 2026 में होने वाली कक्षा 10वीं की दूसरी बोर्ड परीक्षा के लिए List of Candidates (LOC) जमा करने का शेड्यूल और परीक्षा शुल्क संरचना जारी कर दी है। यह परीक्षा मई 2026 में आयोजित की जाएगी।
सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देश के अनुसार LOC जमा करने की प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। पहला चरण 18 मार्च से 31 मार्च 2026 तक बिना लेट फीस के रहेगा। दूसरा चरण मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के अगले दिन से 5 दिनों तक बिना लेट फीस के होगा। वहीं तीसरे चरण में परिणाम घोषित होने के 7वें दिन से 2 दिनों तक लेट फीस के साथ LOC जमा की जा सकेगी। स्कूलों को यह प्रक्रिया सीबीएसई के आधिकारिक पोर्टल पर पूरी करनी होगी।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस परीक्षा के लिए नई प्रविष्टि की अनुमति नहीं होगी। केवल वे छात्र आवेदन कर सकेंगे जो मुख्य परीक्षा में शामिल हुए थे और किसी विषय में सुधार या कंपार्टमेंट की स्थिति में हैं।
परीक्षा शुल्क के अनुसार भारत के स्कूलों के छात्रों के लिए ₹320 प्रति विषय, नेपाल के छात्रों के लिए ₹1100 प्रति विषय और विदेशी स्कूलों के छात्रों के लिए लगभग ₹2000 प्रति विषय निर्धारित किया गया है। फीस केवल ऑनलाइन माध्यम से जमा करनी होगी।
सीबीएसई ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि LOC फाइनल करने से पहले छात्रों की फीस जमा कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा उम्मीदवार की प्रविष्टि स्वीकार नहीं की जाएगी। विस्तृत जानकारी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।