रामगढ़, 17 मार्च 2026: आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी पर्वों को भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। सोमवार को उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अजय कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी, शांति समिति के सदस्य और संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने बैठक की शुरुआत में सभी को आगामी त्योहारों की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि हर कोई शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन हर बार की तरह इस बार भी त्योहारों को पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए मुस्तैद है। विभिन्न क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। गस्ती के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान जुलूस निर्धारित रूट का सख्ती से पालन करें। डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, हालांकि धार्मिक गीत बजाने की अनुमति होगी, लेकिन कोई भी भड़काऊ सामग्री नहीं बजाई जाएगी। नशे की हालत में किसी को जुलूस में शामिल नहीं होने दिया जाएगा और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में शांति समिति सदस्यों के साथ समन्वय कर प्रत्येक अखाड़ा के लिए वॉलंटियर चिन्हित करें और उनके साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें।
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने जुलूसों में निर्धारित रूट चार्ट का पालन सुनिश्चित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता आदि पर जोर दिया। अनुमंडल पदाधिकारी अनुराग कुमार तिवारी ने पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विशेष रूप से जिला वासियों से अपील की कि सोशल मीडिया पर अफवाहों से सावधान रहें और बिना पुष्टि के कोई भी पोस्ट शेयर न करें। अफवाह फैलाने या भ्रामक सामग्री पोस्ट करने वालों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला स्तरीय वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, शांति समिति सदस्य और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान सौहार्द और शांति बनाए रखने में हर नागरिक की जिम्मेदारी है।