रामगढ़, 17 मार्च: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में मंगलवार को ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से “कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग एवं डाटा विश्लेषण” विषय पर तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराना तथा उन्हें भविष्य की तकनीकी चुनौतियों के लिए तैयार करना था।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने संगोष्ठी के आयोजन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान अत्यंत आवश्यक हो गया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता तेजी से विकसित हो रही है और इसका प्रभाव जीवन के लगभग हर क्षेत्र में देखा जा सकता है।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने संगोष्ठी की सफलता पर ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम की सक्रिय सहभागिता, मेहनत और समर्पण से यह आयोजन सफल हो सका है, जो सराहनीय और प्रेरणादायक है।
संगोष्ठी में एडुटेक प्राइवेट लिमिटेड, रांची के डायरेक्टर सुदीप चक्रवर्ती, जय सिंह और अभिषेक कुमार ने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग और डाटा विश्लेषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में इन तकनीकों की उपयोगिता और भी बढ़ेगी, इसलिए विद्यार्थियों को अभी से इन क्षेत्रों में दक्षता हासिल करनी चाहिए।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लगभग 60 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के संयोजक डॉ. प्रशांत कुमार, मनोज करमाली, डॉ. दिलेश्वर प्रसाद, कुंदन कुमार, मो. रिजवान नूरी, निशा रानी, वैष्णवी, सांई प्रकाश, डॉ. सौरभ कुमार सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।