29 मार्च को KVS-NVS Tier-2 और JET परीक्षा एक साथ, अभ्यर्थी परेशान; तिथि बदलने की मांग तेज

Spread the News

रांची, 16 मार्च 2026: शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थी इन दिनों गहरी दुविधा में फंसे हैं। केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति की Tier-2 परीक्षा के साथ झारखंड पात्रता परीक्षा की तिथि 29 मार्च 2026 को एक साथ पड़ गई है, जिससे बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों के उम्मीदवारों में भारी असमंजस और रोष है।

CBSE द्वारा आयोजित KVS-NVS Tier-2 परीक्षा 27 से 31 मार्च 2026 तक चल रही है। आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, 29 मार्च को सुबह की शिफ्ट में Trained Graduate Teacher (TGT) और दोपहर में Post Graduate Teacher (PGT), Assistant Engineer (Civil) तथा Finance Officer जैसी महत्वपूर्ण पदों की परीक्षा निर्धारित है।

दूसरी ओर, झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित Jharkhand Eligibility Test- जो असिस्टेंट प्रोफेसर और अन्य उच्च शिक्षा पदों के लिए योग्यता परीक्षा है भी ठीक 29 मार्च 2026 को ही ऑफलाइन मोड में होनी है। दोनों परीक्षाओं का एक ही दिन क्लैश होने से कई अभ्यर्थी, जो केंद्रीय और राज्य स्तर की दोनों नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं, अब एक परीक्षा छोड़ने को मजबूर हो सकते हैं।

अभ्यर्थियों का कहना है कि KVS-NVS की तिथियां पहले से घोषित थीं, इसलिए JET की डेट में बदलाव संभव होना चाहिए। अभ्यर्थी संगठन और उम्मीदवार JPSC से JET की तिथि स्थगित या बदलने की मांग कर रहे हैं, ताकि उनका पूरा साल बर्बाद न हो।

शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे क्लैश से अभ्यर्थियों की मेहनत पर असर पड़ता है और परीक्षा आयोजक संस्थाओं को समन्वय बनाकर ऐसी स्थिति से बचना चाहिए।

अभी तक JPSC या CBSE की ओर से कोई आधिकारिक बदलाव की घोषणा नहीं हुई है। यदि कोई अपडेट आता है, तो यह परीक्षार्थियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।