रांची, 14 मार्च: झारखंड में मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस प्रक्रिया में सहयोग की अपील की है। अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली यह मुहिम लगभग तीन महीने चलेगी, जिसमें राज्य के सभी पात्र मतदाताओं को कवर किया जाएगा।
बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे, मतदाताओं से विवरण भरवाएंगे और फॉर्म संग्रहित करेंगे। फॉर्म भरवाने के बाद BLO प्रत्येक घर पर स्टीकर लगाएंगे, जिसमें घर का नंबर, BLO का नाम, मोबाइल नंबर और बूथ विवरण होगा। इससे मतदाता आसानी से BLO से संपर्क कर मतदाता सूची संबंधी कोई भी मदद ले सकेंगे।
CEO ने बताया कि BLO कम से कम तीन बार घर का दौरा करेंगे ताकि कोई पात्र नागरिक छूट न जाए। राज्य में पुरानी (2003 की) मतदाता सूची से वर्तमान सूची की मैपिंग का कार्य 70% से अधिक पूरा हो चुका है। जिनका मैपिंग नहीं हुआ, उनके लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे। मतदाता ऑनलाइन भी फॉर्म भर सकते हैं पर लेकिन BLO घरेलू सत्यापन और दस्तावेज़ जांच करेंगे।
राजनीतिक दलों से अपील की गई है कि वे जल्द बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें और उनकी ट्रेनिंग पूरी करें। इस अभियान का लक्ष्य है- “एक भी पात्र भारतीय मतदाता सूची से वंचित न रहे”। नागरिकता, पहचान और निवास प्रमाण जैसे दस्तावेज़ सत्यापन में महत्वपूर्ण होंगे।