रामगढ़,11 मार्च: रामगढ़ जिले में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और कार्यों की समीक्षा के लिए मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभाकक्ष में हुई इस बैठक में शिक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर गहन चर्चा हुई और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में सबसे पहले मध्यान्ह भोजन योजना की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्धारित रोस्टर के अनुसार सभी बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह योजना बच्चों की उपस्थिति और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं जैसे पेयजल और शौचालय की स्थिति पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। जिन स्कूलों में जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं है, उन्हें चिन्हित करने और कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल से समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी विद्यालयों में शीघ्र ही पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चे स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
इसके अलावा, बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म, स्कूल बैग आदि वितरण के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली और शेष बचे कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE), छात्रवृत्ति वितरण, खेलो झारखंड, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय तथा प्रखंड स्तरीय आदर्श विद्यालय जैसी योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा हुई। उपायुक्त ने इन सभी योजनाओं के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए और समयबद्ध लक्ष्यों को हासिल करने पर बल दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने बैठक के समापन पर कहा कि शिक्षा बच्चों के भविष्य का आधार है और जिला प्रशासन इस दिशा में कोई कसर नहीं छोड़ेगा। सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए निरंतर मॉनिटरिंग की जाएगी।