झारखंड-दक्षिण भारत के लोगों को तोहफा, बोकारो-रांची रूट पर 11 मार्च से दौड़ेगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस,

Spread the News

धनबाद, 10 मार्च 2026: भारतीय रेलवे ने झारखंड और दक्षिण भारत के बीच सीधी कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए बड़ी सौगात दी है। धनबाद-पोदनूर/कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब नए रूट पर दौड़ेगी, जिससे रांची, बोकारो स्टील सिटी और धनबाद के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। ट्रेन का उद्घाटन 11 मार्च 2026 को तिरुचिरापल्ली स्टेशन से वर्चुअल रूप से होगा।

ट्रेन संख्या 16619 (पोदनूर से धनबाद) और 16620 (धनबाद से पोदनूर) साप्ताहिक आधार पर चलेगी। पहले प्रस्तावित गोमो-गया रूट की बजाय अब यह कतरास, चंद्रपुरा, बोकारो स्टील सिटी और रांची होकर गुजरेगी। इससे यात्रा समय लगभग 45 घंटे रह गया है, जो पहले से कम है।

मुख्य समय-सारणी:-

• ट्रेन 16619 पोदनूर से हर शनिवार सुबह 6:15 बजे रवाना होगी और सोमवार सुबह 4:00 बजे धनबाद पहुंचेगी।

• वापसी में ट्रेन 16620 धनबाद से हर सोमवार दोपहर 2:00 बजे चलेगी और बुधवार सुबह 11:20 बजे पोदनूर पहुंचेगी।

प्रमुख स्टेशन जहां से होकर ट्रेन गुजरेगी:-

धनबाद → कतरास → चंद्रपुरा → बोकारो स्टील सिटी → रांची → हटिया → राउरकेला → झारसुगुड़ा → संबलपुर → रायगड़ा → विजयवाड़ा → कटपाड़ी → सलेम → इरोड → तिरुपुर → कोयंबटूर → पोदनूर (और अन्य स्टेशन)।

यह अमृत भारत एक्सप्रेस किफायती, आधुनिक सुविधाओं वाली नॉन-एसी ट्रेन है, जिसमें स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं। छात्रों, मजदूरों, मरीजों खासकर वेल्लोर के अस्पताल जाने वालों और आम यात्रियों के लिए यह बड़ी राहत साबित होगी। रेलवे बोर्ड ने हाल ही में रूट, टाइम टेबल और अधिसूचना जारी कर दी है।

रेल प्रेमियों और यात्रियों में इस नई सेवा को लेकर खासा उत्साह है। टिकट बुकिंग और विस्तृत स्टॉपेज की जानकारी IRCTC ऐप या वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यह ट्रेन झारखंड के तीन प्रमुख शहरों धनबाद, बोकारो और रांची को दक्षिण भारत से सीधे जोड़ेगी।