महिलाओं की एकजुटता से बनेगा समृद्ध समाज: विधायक ममता देवी
रामगढ़, 08 मार्च: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी, रामगढ़ द्वारा जिला समाहरणालय सभाकक्ष में “Give to Gain” थीम के साथ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि रामगढ़ की विधायक ममता देवी ने कहा कि महिलाएं जब एक-दूसरे का साथ देती हैं तो समाज का समग्र विकास संभव होता है।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रीता सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा, जिला पंचायती राज पदाधिकारी निशा सिंह सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से सखी मंडल की सदस्याएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और अतिथियों को पौधा भेंट कर किया गया। जिला कार्यक्रम प्रबंधक रीता सिंह ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद ग्रामीण विकास विभाग द्वारा तैयार महिला सशक्तिकरण संबंधी वीडियो प्रदर्शित किया गया।
मांडू प्रखंड की रतवे संकुल संगठन की अध्यक्ष कुंती देवी ने अपने अनुभव साझा किए। जेंडर सीआरपी हेमंती देवी ने जेंडर रिसोर्स सेंटर के कार्यों की जानकारी दी।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा ने मिशन शक्ति, नारी अदालत और वन स्टॉप सेंटर जैसी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं का आपसी सहयोग अवसर, आत्मविश्वास और बदलाव की राह बनाता है।
जिला परिषद अध्यक्ष सुधा देवी ने महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और प्रेरणा देने की भूमिका की सराहना की। मुख्य अतिथि विधायक ममता देवी ने अपने संबोधन में जोर दिया कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश के विकास में योगदान दे रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संकुल संगठन, ग्राम संगठन और जेएसएलपीएस कैडरों को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही जिले के सभी प्रखंडों में संकुल संगठनों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।