रांची, 07 मार्च: मध्य पूर्व में अमेरिका, इज़रायल और ईरान के बीच जारी तनाव और युद्ध के प्रभाव अब भारत की आम जनता तक पहुंच गए हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमतों में अचानक 60 रुपये की वृद्धि कर दी गई है। इस बढ़ोतरी से आम परिवारों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा, हालांकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी प्राप्त करने वाले लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ पहले की तरह मिलता रहेगा।
झारखंड की राजधानी रांची में अब एक घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 970 रुपये हो गई है, जो पहले 910.50 रुपये थी। तेल विपणन कंपनियों द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नई दरें 7 मार्च शनिवार से लागू हो गई हैं।
देश के विभिन्न प्रमुख शहरों में नई कीमतें इस प्रकार हैं- दिल्ली में अब 913 रुपये, मुंबई में 912 रुपये, कोलकाता में 930 रुपये और चेन्नई में 928 रुपये प्रति सिलेंडर चुकाना होगा।
बता दें कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ईरान के पास स्थित हार्मुज जलडमरूमध्य को प्रभावी रूप से बंद कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के रुकने से पेट्रोलियम टैंकरों की आवाजाही ठप हो गई है, जिसका सीधा असर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतों पर पड़ रहा है। भारत जैसे आयात-निर्भर देश में भी पेट्रोलियम उत्पादों की लागत बढ़ने से घरेलू गैस के दामों में यह उछाल देखने को मिला है।