रामगढ़, 24 फरवरी 2026: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा मंगलवार को “मेगा प्लेसमेंट ड्राइव” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अनुदीप फाउंडेशन, रांची के तत्वाधान में संपन्न हुआ, जिसमें 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर छात्रों को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के सुनहरे अवसर प्रदान किए।
इस मेगा ड्राइव में टेक महिंद्रा, कॉनसेंट्रिक्स, आउटर ऑर्बिट, निम्बस, जगन्नाथ हॉस्पिटल, श्रीराम फाइनेंस, आयुदा सॉल्यूशंस, बर्लिन हॉस्पिटल, क्रेडिटल हॉस्पिटल सहित अन्य प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। कंपनियों के HR विशेषज्ञों ने छात्रों के साथ साक्षात्कार आयोजित किए, जिसमें उनकी योग्यता, कौशल और व्यवहारिक दक्षता का मूल्यांकन किया गया।
विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से लगभग 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सुव्यवस्थित रही, जिसमें कई छात्रों का प्रारंभिक चयन हो गया। इस सफलता से परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। यह आयोजन छात्रों को उद्योग जगत की वास्तविक अपेक्षाओं से रूबरू कराने में महत्वपूर्ण साबित हुआ।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने चयनित छात्रों को बधाई देते हुए कहा, “शिक्षा का मुख्य उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि छात्रों को आत्मनिर्भर, कुशल और रोजगारोन्मुख बनाना है। ऐसे प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों को व्यावसायिक दुनिया से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।”
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति के सदस्य अजय कुमार ने प्लेसमेंट सेल की टीम को शुभकामनाएं दीं और सफल आयोजन के लिए बधाई प्रदान की।
मौके पर विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा प्लेसमेंट सेल के सदस्य डॉ. प्रशांत कुमार, मो. रिजवान नूरी, कुंदन कुमार, साई प्रकाश, डॉ. दिलकेश्वर प्रसाद, मनोज करमाली, डॉ. सौरभ सिंह, निशा रानी, वैष्णवी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी के समन्वित प्रयासों से यह कार्यक्रम प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।
राधा गोविन्द विश्वविद्यालय निरंतर अपने पाठ्यक्रमों को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए प्रयासरत है। कौशल विकास कार्यक्रम, प्रशिक्षण कार्यशालाएं, व्यक्तित्व विकास सत्र और उद्योग-परामर्श गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जा रही हैं, ताकि छात्र प्रतिस्पर्धी बाजार में सफल हो सकें।
यह मेगा प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय की प्लेसमेंट सेल की सक्रियता और छात्रों की लगन का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ।