रांची, 23 फरवरी 2026: झारखंड के 48 नगर निकायों में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की देखरेख में आज यानी 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर शहर की सरकार चुनने के लिए तैयार हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर कुल 5 सदस्यीय टीम तैनात रहेगी। इसमें एक पीठासीन अधिकारी प्रमुख भूमिका निभाएंगे, जो पूरे मतदान प्रक्रिया की निगरानी और संचालन के लिए जिम्मेदार होंगे। उनके साथ 4 मतदान अधिकारी सहायता करेंगे। यह व्यवस्था मतदान को सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए की गई है।
झारखंड में कुल 1087 वार्डों के अंतर्गत लगभग 4300 से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें रांची नगर निगम के 53 वार्डों में 909 बूथ, धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर, चास, फुसरो सहित अन्य सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत शामिल हैं। मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से होगा और नोटा का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा।
यदि मतदाता के पास वोटर आईडी नहीं है, तो भी टेंशन की कोई बात नहीं- आयोग ने 12 प्रकार के वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान पत्रों को मान्यता दी है, जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस आदि।
मतदान के दौरान शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बूथ पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कई जिलों में सुपर जोन और जोन बनाए गए हैं, जहां डीएसपी स्तर के अधिकारी और पुलिस बल के साथ वाटर कैनन आदि की तैनाती होगी। 100 मीटर के दायरे में कोई भी संदिग्ध गतिविधि पर सख्त नजर रखी जाएगी।
डिस्पैच सेंटरों से पोलिंग पार्टियां कल ही रवाना हो चुकी थी। मतदान कर्मी कल रात क्लस्टर पर बितायीं, आज सुबह बूथ पहुंचेंगे। हालांकि, एक विवाद यह है कि लगभग 50,000 मतदान कर्मियों को पोस्टल बैलेट की सुविधा नहीं मिली है, जिससे कुछ असंतोष की खबरें हैं।
मतदान के बाद 27 फरवरी को मतगणना होगी और उसी दिन देर शाम तक परिणाम घोषित होने की संभावना है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। कल का दिन झारखंड के शहरी विकास के लिए निर्णायक साबित होगा।