सांसद निशिकांत दुबे से भी मिलेंगे, पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट का निरीक्षण करेंगे
देवघर/गोड्डा, 22 फरवरी 2026: अडानी समूह के अध्यक्ष एवं प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी आज रविवार को झारखंड के देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना करेंगे। उनकी यह धार्मिक यात्रा व्यावसायिक दौरा के साथ जुड़ी हुई है, जिसमें वे बिहार के भागलपुर जिले में स्थित पीरपैंती थर्मल पावर प्लांट प्रोजेक्ट का भी जायजा लेंगे।
जानकारी के अनुसार, गौतम अडानी विशेष विमान से सुबह करीब 11 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे बाबा बैद्यनाथ मंदिर जाएंगे, जहां वे बाबा के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे और आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। पूजा के बाद वे गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के आवास पर पहुंचेंगे, जहां नाश्ता करेंगे। इस दौरान क्षेत्रीय विकास, निवेश और परियोजनाओं को लेकर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
नाश्ते के बाद गौतम अडानी हेलीकॉप्टर से बिहार के पीरपैंती के लिए रवाना होंगे। वहां अडानी पावर लिमिटेड द्वारा स्थापित किए जा रहे 2400 मेगावाट क्षमता के कोयला आधारित थर्मल पावर प्लांट का निरीक्षण करेंगे। यह परियोजना क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन और रोजगार सृजन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
गौतम अडानी के देवघर दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर और एयरपोर्ट क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि उनकी यात्रा सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
यह दौरा गौतम अडानी की धार्मिक आस्था और पूर्वी भारत में उनके बढ़ते व्यावसायिक विस्तार का प्रतीक माना जा रहा है। बाबा बैद्यनाथ धाम के भक्तों में उनकी उपस्थिति से उत्साह का माहौल है।