राधा गोविंद विश्वविद्यालय ने निकाली मतदाता जागरूकता रैली: नगर निकाय चुनाव में अधिकतम भागीदारी का संदेश

Spread the News

रामगढ़,22 फरवरी: आगामी नगर निकाय चुनाव में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राधा गोविंद विश्वविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग ने कल एक जोरदार मतदाता जागरूकता रैली का आयोजन किया। राज्य में 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान से ठीक पहले यह रैली रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

रैली विश्वविद्यालय परिसर से शुरू होकर चेटर, गोसा पंचायत एवं कांकेबार के विभिन्न वार्डों से गुजरी और निर्धारित स्थल पर समाप्त हुई। हाथों में तख्तियां लिए छात्रों ने “पहले मतदान, फिर जलपान”, “मजबूत लोकतंत्र की पहचान सभी करें मतदान” जैसे प्रभावी नारे लगाए। रैली के दौरान स्थानीय निवासियों को मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम जांचने की विधि, बैलेट पेपर का सही उपयोग तथा निष्पक्ष मतदान के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत नागरिकों की सक्रिय भागीदारी में निहित है। उन्होंने जोर दिया कि नगर निकाय चुनाव स्थानीय विकास, स्वच्छता, सड़क, पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की दिशा तय करते हैं, इसलिए हर योग्य मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करना चाहिए।

सचिव प्रियंका कुमारी ने शिक्षण संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी पर बल देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका अहम है। उन्होंने छात्रों की उत्साही भागीदारी की सराहना की और कहा कि जागरूक युवा ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने रैली की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश ने बताया कि यह रैली केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना को जमीनी स्तर तक पहुंचाने का व्यावहारिक प्रयास है। कार्यक्रम में डॉ. सूरज मिंज सहित अन्य व्याख्याता और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

यह अभियान रामगढ़ सहित पूरे राज्य में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ, खासकर तब जब राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी को मतदान और 27 फरवरी को मतगणना निर्धारित है।