रामगढ़ में नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 की तैयारियां जोरों पर

Spread the News

रामगढ़, 21 फरवरी: आगामी नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, सामान्य प्रेक्षक राजेश प्रजापति, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान डिस्पैच एवं रिसीविंग केंद्रों की व्यवस्था, मतगणना स्थल की तैयारियां, सुरक्षा प्रबंधन, मतदान कर्मिकों की प्रतिनियुक्ति तथा विधि-व्यवस्था से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से रामगढ़ महाविद्यालय में प्रस्तावित डिस्पैच एवं रिसीविंग केंद्रों तथा मतगणना स्थल की तैयारियों पर फोकस किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि डिस्पैच एवं रिसीविंग प्रक्रिया को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सुचारू रूप से संचालित किया जाए। मतगणना केंद्रों पर सभी आवश्यक आधारभूत सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, बैठने की व्यवस्था आदि सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया।

सामान्य प्रेक्षक राजेश प्रजापति ने भी चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी पदाधिकारियों से सहयोग की अपेक्षा की।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि चुनाव में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संभव कदम उठाए जाएंगे।