रामगढ़, 20 फरवरी 2026: आगामी नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारु संचालन को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज ने रामगढ़ महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना केंद्र का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी तैयारियों पर संबंधित अधिकारियों के साथ गहन चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए, जिसमें समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
निरीक्षण के समय उपायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में पेयजल, शौचालय, पार्किंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्वाचन से पूर्व सभी व्यवस्थाओं को योजनाबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए ताकि मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सके।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, भवन प्रमंडल रामगढ़ के अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही इन तैयारियों से नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के सुचारु आयोजन की उम्मीद मजबूत हुई है।