राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में मतदान जागरूकता पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित  

Spread the News

जागरूक मतदाता ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं: कुलाधिपति बी. एन. साह

रामगढ़, 19 फरवरी 2025: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के राजनीति विज्ञान विभाग ने मतदान जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से विद्यार्थियों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करने तथा लोकतंत्र में मतदान की महत्वपूर्ण भूमिका समझाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

झारखण्ड में शीघ्र ही शहरी क्षेत्रों में नगर निकाय चुनाव प्रस्तावित होने के संदर्भ में इस प्रतियोगिता का विषय “मताधिकार का महत्व और जिम्मेदारी” रखा गया। प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली तर्कों के माध्यम से मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का मूल आधार बताया तथा युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी पर विशेष बल दिया।

स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) स्तर के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कुलाधिपति श्री बी. एन. साह ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा, “जागरूक मतदाता ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करते हैं।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का सदुपयोग करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दें।

विश्वविद्यालय सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जिम्मेदारी की भावना तथा सामाजिक चेतना का विकास करते हैं। कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने जोर दिया कि विद्यार्थियों को शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की गहरी समझ विकसित करनी चाहिए।

प्रतियोगिता के अंत में विभागाध्यक्ष डॉ. प्रेम प्रकाश एवं प्राध्यापक डॉ. सूरज कुमार मिंज द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता के परिणाम निम्नलिखित रहे:

• प्रथम स्थान: सोनल मिश्रा (यूजी छात्रा)  

• द्वितीय स्थान: काजल कुमारी (पीजी छात्रा)  

• तृतीय स्थान: रिकी पोंटिंग (पीजी छात्र)

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, राजनीति विज्ञान विभाग के अन्य व्याख्याता तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

यह आयोजन विश्वविद्यालय के लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने और युवा मतदाताओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।