रामगढ़, 14 फरवरी: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के तत्वावधान में स्वयं सहायता समूहों के आर्थिक सशक्तिकरण हेतु एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सभी 6 प्रखंडों में एसएचजी क्रेडिट लिंकेज विशेष कैंप आयोजित किए गए। ये कैंप जिले की कुल 24 बैंक शाखाओं में सफलतापूर्वक चले।
बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया तथा झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के सहयोग से आयोजित इन वेरिफिकेशन कैंपों में कुल 132 स्वयं सहायता समूहों के दस्तावेजों की जांच, बैंकिंग प्रक्रिया की पुष्टि और लंबित मामलों का निपटारा किया गया। साथ ही 105 मुद्रा लोन आवेदन संबंधित बैंक शाखाओं में जमा कराए गए।
कैंप के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पतरातू शाखा ने 2 बीमाधारकों के आश्रितों को कुल 4 लाख रुपये की बीमा राशि का भुगतान भी किया। बैंक प्रतिनिधियों, जेएसएलपीएस के प्रखंड-क्लस्टर स्तर के पदाधिकारियों और बैंक सखियों की सक्रिय भागीदारी रही। समूह सदस्यों को ऋण प्रक्रिया, समय पर भुगतान, वित्तीय अनुशासन और बैंकिंग नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस पहल से बैंक ऋण से जुड़ने की प्रक्रिया में तेजी आई है, जिससे महिलाओं की आजीविका मजबूत हुई, स्वरोजगार के अवसर बढ़े और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बल मिला। जेएसएलपीएस ने भविष्य में भी ऐसे कैंप नियमित रूप से आयोजित कर अधिकतम एसएचजी को औपचारिक बैंकिंग से जोड़ने का लक्ष्य रखा है।