नई दिल्ली, 14 फरवरी: जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में 14 फरवरी 2019 को हुए कायराना आतंकी हमले की आज सातवीं बरसी है। इस हमले में सीआरपीएफ के 40 बहादुर जवान शहीद हो गए थे, जब एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी से उनके काफिले को निशाना बनाया। पूरा देश आज इस दुखद घटना को ‘ब्लैक डे’ के रूप में याद कर रहा है और शहीदों के बलिदान को सलाम कर रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, “पुलवामा में शहीद हुए बहादुर हीरोज़ को याद करते हुए… उनका बलिदान और साहस हर भारतीय को शक्ति देता रहेगा। आने वाली पीढ़ियां उनके अमर त्याग को कभी नहीं भूलेंगी।” पीएम मोदी ने शहीदों के अदम्य साहस से हर भारतीय को प्रेरणा मिलने की बात कही।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है। भारत इसके नाश के लिए दृढ़ संकल्पित है।” उन्होंने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर जोर देते हुए शहीदों को नमन किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, शरद पवार, उपराज्यपाल जम्मू-कश्मीर मनोज सिन्हा सहित कई अन्य प्रमुख नेताओं ने भी शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
देशभर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलवामा के सीआरपीएफ कैंप में शहीदों की स्मृति में पुष्पांजलि अर्पित की गई। कई शहरों में कैंडल मार्च और मौन रखकर उनके बलिदान को याद किया गया। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
शहीदों के परिवारों ने भी आज के दिन को भावुकता से याद किया। एक शहीद के छोटे भाई ने बताया कि उनके परिवार के लिए 14 फरवरी अब भी ‘काला दिन’ है, लेकिन वे गर्व महसूस करते हैं कि उनके भाई ने देश के लिए सर्वस्व न्योछावर किया।