रामगढ़, 13 फरवरी: झारखंड के रामगढ़ जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा रामगढ़ शहर के तीन प्रमुख स्थलों पर ट्रांसजेंडर शौचालयों का निर्माण कराया गया है, जिनका संचालन शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है।
ये शौचालय रामगढ़ समाहरणालय परिसर स्थित पार्क, सदर अस्पताल रामगढ़ और बस स्टैंड रामगढ़ में बनाए गए हैं। इनकी उपलब्धता से ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को सार्वजनिक स्थलों पर गरिमापूर्ण, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिलेगा, जिससे उन्हें पहले की तरह असहजता या उपेक्षा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा कि समाज के हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ट्रांसजेंडर समुदाय लंबे समय से सामाजिक उपेक्षा और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझता रहा है। इस दिशा में ट्रांसजेंडर टॉयलेट की स्थापना एक ठोस और संवेदनशील प्रयास है, जो उनकी सार्वजनिक उपस्थिति को सहज बनाएगा।
जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए कई अन्य पहल भी कर रहा है। इनमें सरकारी योजनाओं से जोड़ना, कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार के अवसर, स्वास्थ्य सेवाएं, पहचान पत्र, पेंशन, आयुष्मान भारत योजना आदि शामिल हैं। समाज कल्याण विभाग और जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसके अलावा, जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए समाज में ट्रांसजेंडर समुदाय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का भी प्रयास जारी है। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि ट्रांसजेंडर हित में चल रही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संवेदनशीलता से किया जाए।
यह प्रयास ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मानजनक, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य प्रदान करने में महत्वपूर्ण साबित होगा। जिला प्रशासन की यह पहल समावेशी विकास और सामाजिक न्याय की मिसाल पेश कर रही है।