रामगढ़ में कोयला कारोबारियों के घरों पर अंधाधुंध फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल  

Spread the News

रामगढ़,12 फरवरी: जिले के पतरातू थाना क्षेत्र के सौदा बस्ती सरैया टोला में बुधवार रात करीब 9 बजे अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने दो प्रमुख कोयला कारोबारियों के घरों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में कोयला कारोबारी गजानंद प्रसाद साव उर्फ गज्जू और रोड सेल संचालन समिति के अध्यक्ष नीतीश कुमार के आवासों को निशाना बनाया गया। पुलिस ने मौके से 27 खोखे बरामद किए हैं, जबकि कुछ रिपोर्टों में 17 से अधिक राउंड फायरिंग की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, चार अपराधी दो बाइक पर सवार होकर इलाके में घुसे। वे मुंह बांधे और हेलमेट पहने हुए थे। सबसे पहले उन्होंने पंचू होटल के पास फायरिंग की, फिर नीतीश कुमार के घर पर करीब एक दर्जन गोलियां चलाईं, जिससे घर की खिड़कियों के शीशे टूट गए। इसके बाद गजानंद साव उर्फ गज्जू के घर को टारगेट कर लगभग एक दर्जन गोलियां दागीं। भागते समय अपराधियों ने रास्ते में संजय पान दुकान और रेलवे साइडिंग पतरातू के पास भी फायरिंग की।

घटना के समय दोनों कारोबारी अपने घर पर मौजूद नहीं थे। घर में केवल परिवार के अन्य सदस्य थे, जो अब काफी डरे-सहमे हैं। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग रात में घर से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं।

गजानंद साव उर्फ गज्जू पहले से ही अपराधियों के निशाने पर हैं। जनवरी 2023 में भुरकुंडा बाजार में उनकी कार पर फायरिंग हुई थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। इसके बाद उन्होंने निजी बॉडीगार्ड रख लिए और सार्वजनिक स्थानों पर जाने से परहेज कर रहे हैं। इसी तरह, नीतीश कुमार के घर पर मई 2024 में भी गोलीबारी की घटना हुई थी।

पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक किसी आपराधिक गुट ने घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि यह रंगदारी वसूली से जुड़ा मामला है। अपराधी बाद में अपनी मंशा जाहिर कर सकते हैं। पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिससे पुलिस को सुराग मिलने की उम्मीद है।

रामगढ़ जिले में कोयला कारोबार से जुड़े रंगदारी और फायरिंग के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे कारोबारियों में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।