रामगढ़ में मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा कदाचार मुक्त संचालित

Spread the News

रामगढ़, 11 फरवरी 2026: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा को कदाचार मुक्त एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक, उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग प्रवीण रंजन एवं रामगढ़ जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

उन्होंने एस.एस. प्लस टू उच्च विद्यालय गोला तथा कृष्ण बल्लभ प्लस टू उच्च विद्यालय लारी चितरपुर पहुंचकर केंद्रों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक प्रवीण रंजन ने केंद्राधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह कदाचार मुक्त हो, जैक रांची के सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा परीक्षा शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से संपन्न हो।

जिला शिक्षा पदाधिकारी कुमारी नीलम ने बताया कि रामगढ़ जिले में इस वर्ष मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए कुल 85 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर मैट्रिक में 11,881 तथा इंटरमीडिएट में 11,501 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। कुल मिलाकर जिले में 23,382 परीक्षार्थी इन बोर्ड परीक्षाओं में भाग ले रहे हैं।

प्रशासन ने परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधनों के उपयोग एवं अन्य कदाचारों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। अधिकारियों ने केंद्रों पर उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह निरीक्षण झारखंड बोर्ड परीक्षा 2026 के दौरान पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परीक्षा प्रक्रिया 3 फरवरी से शुरू होकर फरवरी के अंत तक विभिन्न चरणों में चल रही है।