बिहार में आयकर-ईडी की बड़ी कार्रवाई, पैनोरमा ग्रुप के ठिकानों पर छापेमारी, 85 लाख रुपये नकद जब्त

Spread the News

पूर्णिया/सुपौल, 11 फरवरी 2026: बिहार के सीमांचल क्षेत्र में सक्रिय प्रमुख रियल एस्टेट और शिक्षा-स्वास्थ्य समूह पैनोरमा ग्रुप के दर्जनों ठिकानों पर आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय की संयुक्त छापेमारी में अब तक 85 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। यह कार्रवाई मंगलवार 10 फरवरी सुबह से शुरू हुई और पूर्णिया, सुपौल, कटिहार तथा अररिया जिलों में ग्रुप के 14 से अधिक स्थानों पर जारी रही।

आयकर विभाग की पटना अनुसंधान शाखा के नेतृत्व में टीम ने ग्रुप के मुख्य कार्यालय, पैनोरमा हाइट्स, ई-होम्स, पैनोरमा पब्लिक स्कूल, अस्पताल और प्रबंध निदेशक संजीव मिश्रा से जुड़े आवासीय एवं व्यावसायिक परिसरों पर एक साथ दबिश दी। टीम ने वित्तीय दस्तावेज, निवेश संबंधित कागजात, जमीन-जायदाद के रिकॉर्ड जब्त किए और संजीव मिश्रा सहित कर्मचारियों से लंबी पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, जांच मुख्य रूप से टैक्स चोरी, अनियमित वित्तीय लेन-देन, संदिग्ध निवेश और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग पर केंद्रित है। कुछ ठिकानों पर ईडी की टीम भी सक्रिय रही, जिससे कार्रवाई की गंभीरता का अंदाजा लगता है। छापेमारी में करीब 200 अधिकारियों को लगाया गया और दर्जनों वाहनों से टीम पहुंची।

पैनोरमा ग्रुप 2016 से सीमांचल में रियल एस्टेट, स्कूल और अस्पताल क्षेत्र में सक्रिय है। इसके संजीव मिश्रा को विप पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री मुकेश सहनी का करीबी माना जाता है। इस छापेमारी से क्षेत्रीय व्यापारिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मचा हुआ है।

विभाग ने अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन बरामद नकदी और दस्तावेजों से जांच आगे तेज होने की संभावना है। जांच बुधवार को भी जारी रही और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।