रामगढ़ के कस्तूरबा महिला महाविद्यालय में प्राचार्य पद का प्रभार हस्तांतरण नहीं, 10 दिन बाद भी जारी सामंजस्य की स्थिति

Spread the News

रामगढ़, 10 फरवरी: कस्तूरबा इंटर महिला महाविद्यालय, रामगढ़ में प्राचार्या पद को लेकर अनिश्चितता बरकरार है। जिला शिक्षा पदाधिकारी सह महाविद्यालय की सचिव कुमारी नीलम द्वारा 27 जनवरी 2026 को जारी पत्र में स्पष्ट निर्देश थे कि प्राचार्या डॉ. रूमा सिंह 31 जनवरी 2026 को सेवानिवृत्त होंगी तथा तत्काल प्रभाव से वरीयतम अध्यापिका डॉ. उमा सेन गुप्ता को प्राचार्य के रूप में कार्य करने हेतु अधिकृत किया जाता है।

पत्र में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को नई प्राचार्या का पूर्ण सहयोग देने तथा पूर्व प्राचार्या को तीन दिनों के अंदर सूचीबद्ध तरीके से चार्ज हैंडओवर करने का आदेश दिया गया था। लेकिन सेवानिवृत्ति की तिथि से 10 दिन बीत जाने के बाद भी डॉ. रूमा सिंह ने प्रभार नहीं सौंपा है। कॉलेज में प्रशासनिक स्तर पर सामंजस्य की स्थिति बनी हुई है तथा शिक्षकों-कर्मचारियों में असमंजस व्याप्त है।

सूत्रों के अनुसार, विभागीय पत्र को दबाकर रखे जाने की भी चर्चा है। इससे शैक्षणिक गतिविधियां और छात्राओं के हित प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। कॉलेज परिवार जल्द स्थिति सामान्य होने की उम्मीद कर रहा है।