रामगढ़ जिला प्रशासन की ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए सराहनीय पहल, ट्रांसजेंडरों को मुख्यधारा से जोड़ने में प्रशासन सक्रिय, रोजगार व सम्मान पर जोर

Spread the News

रामगढ़, 09 फरवरी: जिले में उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। प्रशासन द्वारा सम्मान, रोजगार सृजन, कौशल प्रशिक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं और आधारभूत आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हाल ही में गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने ट्रांसजेंडर समुदाय के सदस्यों को सम्मानित किया, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचा। एक ट्रांसजेंडर व्यक्ति को समाहरणालय में नियुक्ति प्रदान की गई है, जबकि दो अन्य की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने का सुनहरा अवसर मिल रहा है।

उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने स्वयं पतरातू प्रखंड के भुरकुंडा क्षेत्र में ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों से मुलाकात की और उनके जीवन स्तर, रोजगार, शिक्षा तथा स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर गहन चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान और समग्र विकास की ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त श्री आशीष अग्रवाल ने भी इस क्षेत्र का दौरा कर समुदाय के उत्थान पर विचार-विमर्श किया।

समुदाय के सदस्यों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ब्यूटीशियन सहित विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, छतरमांडू स्थित समाहरणालय परिसर के पार्क में शीघ्र ही “ट्रांसजेंडर कैफे” शुरू किया जाएगा, जो न केवल रोजगार के नए अवसर प्रदान करेगा, बल्कि समाज में समानता और सम्मान का मजबूत संदेश भी देगा।

सार्वजनिक स्थलों पर गरिमापूर्ण सुविधा सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय रामगढ़, सदर अस्पताल रामगढ़ और बस स्टैंड रामगढ़ में ट्रांसजेंडर टॉयलेट स्थापित किए गए हैं, जिनका संचालन जल्द शुरू होगा। साथ ही, ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों के राशन कार्ड और आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य प्राथमिकता पर किया जा रहा है, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

जिला प्रशासन स्वयं सहायता समूहों की दीदियों का भी सहयोग ले रहा है, जिससे समुदाय को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कहा, “जिला प्रशासन ट्रांसजेंडर समुदाय के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल करने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।”

यह पहल रामगढ़ जिले में समावेशी विकास की मिसाल पेश कर रही है, जो अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।