14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक 175 रनों की पारी से भारत छठी बार U-19 विश्व चैंपियन

Spread the News

हरारे, 7 फरवरी 2026: भारत ने ICC अंडर-19 पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2026 का खिताब जीत लिया है। युवा भारतीय टीम ने फाइनल में इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर रिकॉर्ड छठी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। यह मैच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया, जहां भारत ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए, जो किसी भी U-19 विश्व कप फाइनल में सबसे बड़ा स्कोर है। इस विशाल लक्ष्य की नींव रखी बिहार के 14 वर्षीय सनसनीखेज बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी विस्फोटक पारी से।

वैभव ने मात्र 80 गेंदों पर 175 रन बनाए, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनकी स्ट्राइक रेट 218.75 से अधिक रही। यह U-19 विश्व कप फाइनल में अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है, साथ ही ICC के किसी भी टूर्नामेंट फाइनल चाहे U-19 या सीनियर, पुरुष या महिला में सबसे बड़ा स्कोर है। उन्होंने 55 गेंदों पर शतक पूरा किया और कुल 30 बाउंड्री लगाकर 150 रन सिर्फ बाउंड्री से बनाए।

इंग्लैंड की ओर से कैलेब फाल्कनर ने 115 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए आरजे अम्ब्रिश ने 3 विकेट झटके। वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 439 रन बनाए।

भारत के U-19 विश्व कप खिताब अब कुल 6 जीत चुका है।बिहार के इस युवा सितारे वैभव सूर्यवंशी की इस धमाकेदार पारी ने न केवल रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की भी झलक दिखाई है। यह जीत पूरे देश के लिए गर्व का क्षण है।