झारखंड में हज 2026 की तैयारियां जोरों पर, राज्य से 1670 यात्री जाएंगे मक्का-मदीना

Spread the News

रांची, 06 फरवरी: झारखंड राज्य हज कमेटी ने हज 1447 हिजरी के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। स्वास्थ्य मंत्री एवं कमेटी अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि इस वर्ष राज्य से कुल 1670 हज यात्री पवित्र यात्रा पर रवाना होंगे। इन यात्रियों की चिकित्सीय जांच 7 फरवरी 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरी की जाएगी, जबकि 8 फरवरी से टीकाकरण शुरू होगा।

हज हाउस, कडरू में सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में मंत्री ने नए दिशानिर्देशों पर विस्तार से चर्चा की। भारत सरकार की नई गाइडलाइंस के अनुसार, इस बार केवल टीकाकरण ही नहीं, बल्कि विस्तृत स्वास्थ्य जांच अनिवार्य है ताकि कोई अस्वस्थ यात्री यात्रा न करे। जांच और टीकाकरण मुफ्त तथा सम्मानजनक तरीके से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रत्येक जिले में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 से संभावित है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि पासपोर्ट, दस्तावेज और स्वास्थ्य संबंधी सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी करें। राज्य सरकार हज यात्रियों को बेहतर, सुचारु और सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।