रामगढ़, 04 फरवरी 2026: आजसू पार्टी को झारखंड में एक और झटका लगा है। पार्टी के केन्द्रीय सचिव तथा रामगढ़ नगर परिषद के अध्यक्ष युगेश बेदिया ने कल दिनांक 03 फरवरी 2026 से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।
युगेश बेदिया ने आजसू पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष, राँची को संबोधित पत्र में स्पष्ट किया है कि निजी कारणों के साथ-साथ पार्टी के सिद्धांतों में आई भटकाव के चलते उन्होंने यह निर्णय लिया है। इस्तीफा पत्र में उन्होंने लिखा है कि “मैं युगेश बेदिया, केन्द्रीय सचिव, आजसू पार्टी, झारखण्ड अपने नीजी कारणों एवं पार्टी के सिद्धान्तों में भटकाव के कारण आज दिनांक 03.02.2026 से आजसू पार्टी के प्राथमिक सदस्यता एवं सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है।”
युगेश बेदिया लंबे समय से आजसू पार्टी से जुड़े रहे हैं और रामगढ़ क्षेत्र में पार्टी के प्रमुख चेहरे के रूप में सक्रिय थे। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है तथा पार्टी की विभिन्न गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
यह इस्तीफा ऐसे समय आया है जब आजसू पार्टी पहले से ही आंतरिक असंतोष और कुछ अन्य नेताओं के इस्तीफों से जूझ रही है। बेदिया के इस कदम से रामगढ़ इकाई पर असर पड़ने की संभावना है। अभी तक आजसू पार्टी की ओर से इस इस्तीफे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।