रांची, 03 फरवरी: झारखंड में आगामी नगर निकाय चुनावों की सरगर्मी बढ़ते ही प्रदेश भाजपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में नौ नगर निगमों के मेयर पद और विभिन्न नगर परिषदों के अध्यक्ष पदों के लिए समर्थित उम्मीदवारों पर सहमति बन गई।
रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए पूर्व पार्षद रोशनी खलखो को भाजपा का समर्थन मिला है। वे 4 फरवरी को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। रोशनी खलखो पूर्व में वार्ड 21 से पार्षद रह चुकी हैं और सक्रिय राजनीतिक छवि वाली नेता मानी जाती हैं।
हालांकि नगर निकाय चुनाव दलीय प्रतीक चिन्ह के आधार पर नहीं लड़े जा रहे हैं, जिस कारण पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक उम्मीदवार सूची जारी नहीं की गई है, लेकिन भाजपा ने बैकडोर समर्थन के जरिए अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को मजबूत बनाने की रणनीति अपनाई है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने अन्य प्रमुख नगर निगमों में भी अपने समर्थित नाम तय कर लिए हैं, जैसे धनबाद में संजीव अग्रवाल, हजारीबाग में सुदेश चंद्रवंशी, चास में अविनाश कुमार आदि। यह फैसला पार्टी की जीत सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रांची में रोशनी खलखो का नाम सामने आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है, खासकर जब कांग्रेस ने रमा खलखो और झामुमो की ओर से अंतु तिर्की के नाम पर चर्चा चल रही है। चुनावी मैदान में ‘खलखो vs खलखो’ जैसी दिलचस्प लड़ाई देखने को मिल सकती है।