नई दिल्ली, 1 फरवरी 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज लोकसभा में वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करने जा रही हैं। यह उनका लगातार नौवां बजट होगा, जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में एक रिकॉर्ड है। आजादी के बाद पहली बार बजट रविवार को पेश हो रहा है। बजट भाषण सुबह 11 बजे शुरू होगा।
बजट का कुल आकार 54 लाख करोड़ रुपये से अधिक अनुमानित है, जो पिछले साल से 7-8% अधिक है। वैश्विक चुनौतियों जैसे अमेरिकी टैरिफ के बीच सरकार विकसित भारत@2047 के लक्ष्य पर फोकस कर रही है। मुख्य जोर आर्थिक स्थिरता, रोजगार सृजन, इंफ्रास्ट्रक्चर और फिस्कल डिसिप्लिन पर रहेगा।
प्रमुख उम्मीदें:
• फिस्कल डेफिसिट- 4.2% के आसपास लक्ष्य, राजकोषीय घाटे को नियंत्रित रखने की दिशा में संतुलित कदम।
• कैपिटल एक्सपेंडिचर- सड़क, रेलवे, एयरपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और ग्रीन एनर्जी में दोहरे अंकों की बढ़ोतरी।
• इनकम टैक्स- नए रिजीम में पिछले साल की राहत (12 लाख तक टैक्स-फ्री) जारी; स्टैंडर्ड डिडक्शन बढ़ाने या TDS सरलीकरण पर फोकस, मिडिल क्लास को अतिरिक्त राहत संभव।
• सेक्टर फोकस- डिफेंस में स्वदेशी उत्पादन, कृषि में MSP-सब्सिडी, एमएसएमई-निर्यात को इंसेंटिव, रिन्यूएबल एनर्जी-AI-स्किलिंग में फंडिंग, जीएसटी फ्रेमवर्क मजबूत।
बजट डिजिटल और कागज रहित रूप में पेश होगा। विशेषज्ञों का कहना है कि यह लंबी अवधि की नीतियों और स्मार्ट खर्च पर केंद्रित होगा, बड़े ऐलानों से ज्यादा स्थिरता पर जोर।