जेएलकेएम द्वारा गैर-दलीय चुनाव में प्रत्याशी घोषणा पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन, प्राथमिकी दर्ज

Spread the News

रामगढ़, 31 जनवरी 2026: नगरपालिका निर्वाचन-2026 के दौरान आदर्श आचार संहिता के सख्त उल्लंघन का मामला सामने आया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 27 जनवरी 2026 को चुनाव की घोषणा के साथ ही पूरे राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद, झारखण्ड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने 30 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस और प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए अनीता कुमारी को अपना समर्थित प्रत्याशी घोषित कर दिया।

यह चुनाव पूर्णतः गैर-दलीय आधार पर हो रहा है, जिसमें राजनीतिक दलों के नाम, प्रतीक या लेटरहेड से प्रत्याशी घोषणा/प्रचार पर रोक है। जेएलकेएम के जिला अध्यक्ष देवानन्द कुमार महतो, नेता संतोष कुमार महतो और प्रत्याशी अनीता कुमारी के खिलाफ शिकायत मिलने पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी/रिटर्निंग ऑफिसर ने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, झारखण्ड नगरपालिका अधिनियम-2011 एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। यह मामला रामगढ़ में चुनावी माहौल को गरमा सकता है, क्योंकि आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती बरती जाएगी।

प्रत्याशी अनीता कुमारी ने 10 सूत्रीय विजन और जनता के नाम संदेश भी जारी किया था, जिसे आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर विपक्षी दलों और नागरिकों में इस घटना पर चर्चा तेज है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। रामगढ़ जिला प्रशासन ने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने का भरोसा जताया है।