रामगढ़, 30 जनवरी: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर 30 जनवरी से 14 फरवरी 2026 तक चलने वाले स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान तथा इसके बाद 9 मार्च से 26 मार्च 2026 तक संचालित होने वाले कुष्ठ रोग खोज अभियान द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज ने की।
बैठक में काय चिकित्सक श्री सावन कर ठाकुर ने राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, कुष्ठ रोग के उपचार एवं रोकथाम के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं तथा 2027 तक कुष्ठ रोग में जीरो स्टिग्मा प्राप्त करने के लक्ष्य से जुड़ी जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बैठक में मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शिविरों के माध्यम से लोगों को कुष्ठ रोग से जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया जाए। रोग की समय पर पहचान एवं त्वरित उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में जाने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने अधिक से अधिक ग्राम सभाओं का आयोजन करने, जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालय स्तर पर बच्चों को कुष्ठ रोग संबंधी मिथकों से अवगत कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग मुक्त जिला बनाने के लिए कोई कसर न छोड़ने, रोगियों की यथाशीघ्र पहचान हेतु हर संभव प्रयास करने, उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने, कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव न करने तथा उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए योगदान देने की शपथ दिलाई।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान के तहत विगत 5 वर्षों में जिन गांवों में कुष्ठ रोगी पाए गए हैं, वहां विशेष सर्वेक्षण किया जाएगा।
बैठक में प्रभारी सिविल सर्जन, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डीएमओ स्वास्थ्य विभाग, विभिन्न चिकित्सा पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।