रामगढ़ में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर जिला प्रशासन की अपील  

Spread the News

नकदी, शराब या प्रलोभन के वितरण पर कड़ी नजर, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

रामगढ़, 30 जनवरी: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने आम जनता से अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए नकदी, शराब या किसी भी प्रकार की वस्तु का वितरण रिश्वत माना जाएगा, जो गंभीर दंडनीय अपराध है।

प्रशासन द्वारा चुनाव अवधि में ऐसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। यदि किसी व्यक्ति के पास बड़ी मात्रा में नकदी पाई जाती है, तो उसे नकदी के स्रोत और उपयोग से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे जैसे पैन कार्ड एवं उसकी प्रति, व्यापार निबंधन प्रमाण पत्र की प्रति, बैंक पासबुक/स्टेटमेंट, कैश बुक की प्रति, विवाह, अस्पताल या अन्य आवश्यक कार्यों से जुड़े नकदी उपयोग के प्रमाण आदि।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने नागरिकों से आह्वान किया है कि वे किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल न हों। यदि कहीं नकदी, शराब या अन्य प्रलोभन सामग्री के वितरण की जानकारी मिले, तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें। इससे निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी।

प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सभी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि रामगढ़ में लोकतंत्र की मजबूत नींव बनी रहे।