जेपीएससी ने जारी किया 103 पदों के लिए सिविल सर्विसेज परीक्षा का विज्ञापन  

Spread the News

रांची, 30 जनवरी: झारखंड लोक सेवा आयोग ने झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए विज्ञापन संख्या 01/2026 जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 103 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

सबसे अधिक पद पुलिस उपाधीक्षक के 42 और उप समाहर्ता  के 28 हैं। अन्य पदों में जेल अधीक्षक, जिला कमांडेंट, सहायक निदेशक, प्रोबेशन पदाधिकारी आदि शामिल हैं।

यह परीक्षा राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में ग्रुप ए और बी स्तर के महत्वपूर्ण पदों के लिए आयोजित होगी। ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी 2026 से शुरू हो जाएंगे और अंतिम तिथि 14 फरवरी 2026 के शाम 5 बजे तक है। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 16 फरवरी 2026 तक निर्धारित है। प्रारंभिक परीक्षा 8 मार्च 2026 को प्रस्तावित है, जबकि मुख्य परीक्षा मई 2026 में संभावित रूप से होगी।

उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री अनिवार्य है। आयु सीमा सामान्यतः 21 से 35 वर्ष (आरक्षित वर्गों को छूट नियम अनुसार) है। चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर होगा।

अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर जाकर पूरा विज्ञापन डाउनलोड कर पद-वार रिक्ति, आरक्षण विवरण, शुल्क और अन्य शर्तें जांच लें। पिछली भर्तियों की तुलना में इस बार पद कम हैं, इसलिए प्रतियोगिता कड़ी प्रतिस्पर्धा रहने की उम्मीद है।