श्रम व कौशल विकास योजनाओं की डीसी ने की समीक्षा, प्रचार-प्रसार तेज करने के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 28 जनवरी: श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग द्वारा रामगढ़ जिले में संचालित योजनाओं व विकास कार्यों की मंगलवार को उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रम अधीक्षक अनिल कुमार रंजन ने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी उपायुक्त को दी।

समीक्षा के दौरान झारखंड असंगठित कर्मकार मृत्यु/दुर्घटना सहायता योजना, मातृत्व प्रसव सुविधा योजना, अंत्येष्टि सहायता योजना, मुख्यमंत्री असंगठित श्रमिक औजार सहायता योजना, विवाह सहायता योजना, निर्माण श्रमिक सेफ्टी किट योजना सहित अन्य योजनाओं के अंतर्गत लाभुकों को दिए जा रहे लाभों की जानकारी साझा की गई। उपायुक्त ने इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, योग्य लाभुकों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने जिले में संचालित ईंट-भट्ठों का निरीक्षण कर श्रम कानूनों के अनुपालन को सुनिश्चित कराने के निर्देश श्रम अधीक्षक को दिए। वहीं कौशल विकास के तहत संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण योजनाओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही जिले में संचालित कौशल प्रशिक्षण केंद्रों से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में श्रम अधीक्षक के अलावा श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रामगढ़ सदर इंद्रदेव ठाकुर, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी गोला सुश्री शिखा कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी पतरातू चंदन कुमार राम एवं स्किल डेवलपमेंट से यूएनडीपी कुलदीप कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।