रामगढ़,27 जनवरी: जिले में 77वें गणतंत्र दिवस का उत्साहपूर्ण आयोजन सिदो-कान्हू स्टेडियम में हुआ। मुख्य अतिथि उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने से भारत एक संप्रभु गणतंत्र बना। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर जोर देते हुए सभी से राष्ट्र निर्माण में योगदान का आह्वान किया।
जिला प्रशासन की प्रमुख पहलों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि आपदा मित्र कार्यक्रम के तहत 2 लाख से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण दिया गया, जिससे कई जीवन बचाए गए। ट्रांसजेंडर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सम्मान समारोह, पहचान पत्र, पेंशन और “किन्नर उत्थान समिति” का गठन किया गया।
पर्यटन विकास में पतरातू डैम पर म्यूजिकल फाउंटेन और पलानी वाटर फॉल को ट्रेकिंग रूट के रूप में विकसित किया जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में सदर अस्पताल में 4-बेड कैंसर कीमोथेरेपी केंद्र शुरू हुआ, ई-हॉस्पिटल से 68,277 ऑनलाइन ओपीडी जारी, ई-संजीवनी से दूरस्थ परामर्श और जननी शिशु सुरक्षा योजना के तहत हजारों गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सुविधाएं प्रदान की गईं।
शिक्षा में निःशुल्क किताबें, पोशाक और छात्रवृत्तियां वितरित की गईं। आवास योजनाओं (अबुआ आवास, पीएम आवास) में लक्ष्य प्राप्ति की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई। मनरेगा में 109.96% मानव दिवस सृजन, JSLPS के तहत सखी मंडलों को करोड़ों की निधि और महिला लखपती दीदी योजना में 27,937 महिलाओं को जोड़ा गया। खनन विभाग में 892.84 करोड़ राजस्व संग्रह हुआ।
कार्यक्रम में विभिन्न स्कूलों, विभागों की झांकियों और परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया। ट्रांसजेंडर सदस्यों, स्वतंत्रता सेनानी आश्रितों और युवा कलाकारों को सम्मानित किया। उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों से सहयोग की अपील की और गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। बड़ी संख्या में अधिकारी, पुलिसकर्मी, छात्र और नागरिक उपस्थित रहे।