कुलाधिपति बी.एन. साह ने किया ध्वजारोहण, विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजी समारोह की भव्यता
रामगढ़, 27 जनवरी 2026:0राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के तिलक-चंदन, पुष्पगुच्छ से स्वागत एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुई। एनसीसी कैडेट्स का नेतृत्व लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा ने किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह थे। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी फूलमती देवी, सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, समाजसेवी राजीव जायसवाल एवं मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों द्वारा मार्चपास्ट का निरीक्षण किया गया, जिसके पश्चात कुलाधिपति बी.एन. साह ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान गाया गया। इसके बाद विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों द्वारा ड्रम और बैंड की धुन पर आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के संस्थापक स्व. गोविन्द साह एवं स्व. राधा देवी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। स्वागत भाषण कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने दिया। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों का पालन कर ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने मार्शल आर्ट, देशभक्ति गीत, पंजाबी, राजस्थानी, हरियाणवी, नागपुरी, खोरटा, कथक नृत्य तथा देशभक्ति नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा, “गणतंत्र दिवस हमें यह सिखाता है कि नियम, अनुशासन और जिम्मेदारी से ही संस्थान और समाज दोनों मजबूत होते हैं। जब हम अपने दायित्वों को ईमानदारी से निभाते हैं, तभी संविधान की भावना साकार होती है।”
सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि यदि युवा पीढ़ी संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर ले, तो देश का भविष्य और भी उज्ज्वल होगा।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षा विभाग की डॉ. रंजना पांडेय एवं डॉ. अमरेश पांडेय ने संयुक्त रूप से किया। धन्यवाद ज्ञापन कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने प्रस्तुत किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।