रामगढ़ में “संडे ऑन साइकिल” से मतदाता जागरूकता को मिला बल

Spread the News

रामगढ़, 25 जनवरी: राष्ट्रीय मतदाता दिवस एवं गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “माई इंडिया माई वोट” विषय के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मतदाता जागरूकता बढ़ाना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना था।

रविवार को छत्तरमांडू स्थित समाहरणालय परिसर से शुरू हुई साइकिल रैली में पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में युवा एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्ण भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाते हुए मतदान के महत्व, जिम्मेदार नागरिक बनने तथा लोकतंत्र को सशक्त करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने युवाओं से अपील की कि वे न केवल स्वयं मतदान करें, बल्कि अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी प्रेरित करें। फैज अक अहमद मुमताज ने कहा, “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि हमारा संवैधानिक कर्तव्य है। युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और जागरूक मतदाता बनाना हमारा लक्ष्य है।”

साइकिल रैली के जरिए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं फिटनेस का भी संदेश दिया गया। पूरे आयोजन में देशभक्ति, उत्साह और जागरूकता का जोरदार माहौल रहा। यह कार्यक्रम मतदाता जागरूकता अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करने में सफल रहा।