रामगढ़ जिले में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की दिशा में बड़ा कदम

Spread the News

रामगढ़, 25 जनवरी 2026: रामगढ़ जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में पूर्ण डिजिटलाइजेशन के लिए झारखंड का पायलट जिला चुना गया है। इसी क्रम में आज सिद्धि विनायक बैंक्वेट हॉल में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला सह समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अपर सचिव सह अभियान निदेशक, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन विद्यानेन्द शर्मा पंकज ने दीप प्रज्वलित कर किया। राज्य स्तर से ज्वाइंट डायरेक्टर राजन कुमार अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। जिला स्तर से अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवल कुमार, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराग, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. हरेन चन्द्र महतो, जिला नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन डॉ. उदय शंकर श्रीवास्तव सहित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के प्रतिनिधि और जिले के सभी निजी अस्पतालों के संचालक व चिकित्सा प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यशाला में बताया गया कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन एक समग्र इको-सिस्टम है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह पेपरलेस हो जाएंगी। सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं फार्मेसियों का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री तथा डॉक्टरों, नर्सों, लैब टेक्नीशियन और फार्मासिस्ट का हेल्थ प्रोफेशनल रजिस्ट्री बनाना अनिवार्य है। स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली उपयोग करने वाले निजी अस्पतालों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का कम्प्लायंट सॉफ्टवेयर अपनाना होगा। प्रत्येक नागरिक का “आभार आईडी” बनवाना आवश्यक है, ताकि स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित और सुलभ रहें।

यह बैठक जिला स्वास्थ्य समिति, रामगढ़ द्वारा आयोजित की गई। यह प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक कुशल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।