राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर रामगढ़ में विविध कार्यक्रम, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प

Spread the News

रामगढ़, 23 जनवरी: इस वर्ष “माई इंडिया, माई वोट” विषय पर आयोजित राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रामगढ़ जिले में गुरुवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने की।

इस अवसर पर सर्वप्रथम समाहरणालय सभाकक्ष में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अपर समाहर्ता गीतांजलि कुमारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविन्द्र कुमार गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता की शपथ ली।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा नए मतदाता अभिषेक कुमार तिवारी एवं सोनू कुमार तिवारी को मतदाता पहचान पत्र प्रदान कर उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि मतदान लोकतंत्र का सबसे मजबूत आधार है और प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का निर्भीक, निष्पक्ष एवं जिम्मेदारी के साथ प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की।

इसके साथ ही जिले के सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय कार्यालयों में भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों व कर्मियों ने मतदाता जागरूकता और लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण का संकल्प लिया।