रामगढ़, 23 जनवरी: पीएमईजीपी, पीएमएफएमई एवं पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में तीनों योजनाओं के तहत संचालित कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त द्वारा महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र शंभु शरण बैठा से पीएमईजीपी योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 में निर्धारित 20 लक्ष्यों के विरुद्ध अब तक 5 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान कर लाभुकों को लाभान्वित किया गया है। इस पर उपायुक्त ने शेष लक्ष्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला समन्वयक अंजन बाड़ा ने पीएम विश्वकर्मा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना अंतर्गत 18 ट्रेड में आवेदन का प्रावधान है, जबकि वर्तमान में जिले में 5 ट्रेड में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। उपायुक्त ने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।
पीएमएफएमई योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण एवं खाद्य संबंधित क्षेत्रों में कार्य करने वाले लाभुकों को 35 प्रतिशत अनुदान दिए जाने की जानकारी दी गई। उपायुक्त ने अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। बैठक में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।