लंदन में झारखंडी संस्कृति की गूंज: सीएम हेमंत सोरेन का पारंपरिक गीत-संगीत से भव्य स्वागत

Spread the News

लंदन, 23 जनवरी 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी तथा गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक पूरी करने के बाद देर रात लंदन पहुंचे। यहां रह रहे झारखंडी प्रवासियों, स्कॉलर्स और डायस्पोरा सदस्यों ने उन्हें अत्यंत भावुक और पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया।

लंदन की धरती पर नागपुरी लोकगीत, आदिवासी संगीत, ढोल-नगाड़े और पारंपरिक नृत्यों से पूरा वातावरण गूंज उठा। विशेष रूप से “रउरे मन के सालाम करिला…” जैसे सादरी और नागपुरी गीत गाए गए, जिससे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन काफी भावुक हो गए। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर इस स्वागत को साझा करते हुए लिखा कि अपनों के इस आत्मीय स्वागत से वे अभिभूत और निशब्द हैं। उन्होंने कहा, “अपनी मिट्टी, भाषा और संस्कृति से जुड़ा यह आत्मीय स्वर झारखंड की पहचान और आत्मा को दर्शाता है। आप सभी पर गर्व है- यही हमारी असली शक्ति है।”

कल्पना सोरेन ने भी इस पल को साझा करते हुए कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में हों, हम अपनी परंपरा, संस्कृति और विरासत को गर्व के साथ संजोए रखते हैं। हमारी संस्कृति से ही हमारी पहचान है।

यह दौरा दावोस के बाद यूके में शिक्षा, कौशल विकास, निवेश और समावेशी विकास पर केंद्रित है। लंदन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूके की संसदीय राज्य मंत्री सीमा मल्होत्रा से मुलाकात की और झारखंड-यूके सहयोग को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की।

झारखंड की 25 वर्षीय राज्य यात्रा और 2050 के समृद्धि लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह विदेश दौरा राज्य की वैश्विक छवि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। सात समंदर पार भी झारखंडी जोहार और संस्कृति की धुन गूंज रही है, यह हर झारखंडवासी के लिए गर्व की बात है।