रामगढ़, 22 जनवरी 2026: रामगढ़ जिला पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर आरोपियों को धर दबोचा है। इनके द्वारा महिलाओं को सरकारी योजनाओं के नाम पर लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाए गए और नए सिम कार्ड दिलवाए गए। इनका दुरुपयोग कर आरोपियों ने बेटिंग ऐप्स तथा अन्य माध्यमों से कुल 46 लाख 23 हजार 901 रुपये की अवैध लेन-देन की।
मामला मांडू थाना क्षेत्र के ग्राम जमुआ निवासी रूबी खातून की शिकायत से सामने आया। उन्होंने 20 जनवरी को साइबर अपराध थाना में आवेदन दिया कि उनके तथा उनकी तीन गोतिनियों के नाम से इंडियन ओवरसीज बैंक (मरार शाखा) में खाते खोले गए और जियो सिम लिए गए थे। आरोपियों अबु तालिब, सरफराज उर्फ सोनू एवं उनके साथियों ने धोखे से इन पर कब्जा कर लिया।
इस पर कांड संख्या 03/26 दर्ज किया गया, जिसमें आईटी एक्ट की धारा 66(C)/66(D) तथा भारतीय न्याय संहिता की 111(2)(बी)/111(4)/318(4)/316(2)/351(2) धाराएं लगाई गईं। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर उपाधीक्षक चन्दन कुमार वत्स के नेतृत्व में SIT गठित की गई। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर अबु तालिब 29 वर्ष, जरियों, रजरप्पा) तथा सरफराज उर्फ सोनू 27 वर्ष, नईसराय बस्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। जांच में असम, कर्नाटक से जुड़े ट्रांजेक्शन सामने आए।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बैंक डिटेल्स, OTP या सिम किसी को न सौंपें। ठगी की शिकायत तुरंत 1930 या cybercrime.gov.in पर करें। जांच जारी है, अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी।