दावोस में अजीम प्रेमजी ने सराहा झारखंड का ‘विजन 2050, विकास नीति की तारीफ करते हुए निवेशकों से की अपील

Spread the News

रांची, 22 जनवरी 2026: विप्रो के संस्थापक एवं अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के चेयरमैन अजीम प्रेमजी ने झारखंड के विजन 2050 की खुलकर सराहना की है। विश्व आर्थिक मंच के दावोस सम्मेलन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य के प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत विकास मॉडल पर उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार विकास को लेकर गंभीर, योजनाबद्ध और दूरदर्शी दृष्टिकोण अपनाए हुए है।

एक विशेष वीडियो संदेश में अजीम प्रेमजी ने कहा- “यह सुखद संकेत है कि झारखंड सरकार विकास के प्रति गंभीर और संगठित प्रयास कर रही है। राज्य सरकार से फाउंडेशन को हर स्तर पर सहयोग मिला है तथा प्रशासन का रवैया हमेशा सक्रिय, सकारात्मक और सहयोगपूर्ण रहा है।”

उन्होंने झारखंड की “प्रकृति के साथ सामंजस्य में विकास” वाली सोच की विशेष प्रशंसा की और विश्वभर के निवेशकों से #InvestInJharkhand अभियान में शामिल होने की अपील की।

अजीम प्रेमजी फाउंडेशन राज्य में शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है, जिसमें रांची के इटकी क्षेत्र में अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी का तीसरा कैंपस, आधुनिक मेडिकल कॉलेज, 1,300 बेड क्षमता वाला अस्पताल, स्कूल एवं अन्य शैक्षिक परियोजनाएं शामिल हैं।

ये प्रयास झारखंड के Viksit Jharkhand @2050 लक्ष्य को मजबूती प्रदान कर रहे हैं, जिसमें समावेशी विकास, हरित ऊर्जा, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड अब वैश्विक मंच पर अपनी सकारात्मक छवि स्थापित कर रहा है। अजीम प्रेमजी की यह सराहना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है, जो निवेशकों के बीच झारखंड की विश्वसनीयता को और बढ़ाएगी। झारखंड अब खनिज संपदा के साथ-साथ सस्टेनेबल और सामाजिक विकास के मॉडल के रूप में भी उभर रहा है।